हिसार | हिसारवासियों को जल्द ही जयपुर, जम्मू और अहमदाबाद के लिए हवाई यात्रा की सुविधा मिलने वाली है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यह जानकारी महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट से चंडीगढ़ के लिए पहली फ्लाइट के उद्घाटन के मौके पर दी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इन नए रूट्स पर भी उड़ानें शुरू की जाएंगी।
मुख्यमंत्री सैनी ने हिसार एयरपोर्ट परिसर से चंडीगढ़ के लिए पहली फ्लाइट को रवाना किया। इस फ्लाइट में खुद मुख्यमंत्री, उनके साथ कई मंत्री और विधायक सवार थे। कुल 20 यात्री इस उड़ान में हिसार से चंडीगढ़ पहुंचे।
गौरतलब है कि 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिसार एयरपोर्ट का औपचारिक उद्घाटन किया था और उसी दिन हिसार से अयोध्या के लिए उड़ान सेवा की शुरुआत भी की गई थी। अब जल्द ही हिसार से अन्य प्रमुख शहरों के लिए हवाई संपर्क और भी बेहतर होने वाला है।







