चरखी दादरी | चरखी दादरी के गांव जेवली में अवैध शराब बेचने के आरोप में एक युवक के साथ कथित मारपीट के बाद ग्रामीणों ने स्थानीय शराब ठेके पर ताला जड़ दिया। लोगों का आरोप है कि युवक पर झूठा इल्जाम लगाकर ठेके से जुड़े लोगों ने उसे पीटा है। घटना के विरोध में नाराज ग्रामीणों ने ठेके के बाहर सड़क जाम करने की भी कोशिश की।
ग्रामीणों, खासकर महिलाओं और बुजुर्गों ने सोमवार को ठेके के बाहर इकट्ठा होकर प्रदर्शन किया और जमकर नाराजगी जताई। कांता देवी, विजय सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि युवक दीपक के साथ ठेके से जुड़े लोगों ने मारपीट की और उस पर अवैध शराब बेचने का आरोप मढ़ा, जबकि वह निर्दोष है।
घटना की जानकारी मिलते ही बाढड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत किया। हालांकि ग्रामीणों ने स्पष्ट कर दिया कि जब तक मामले में ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं होती, वे ठेके पर लगाए गए ताले को नहीं खोलेंगे।
इस दौरान ठेके के सेल्समैन को भी ग्रामीणों ने बाहर निकाल दिया और ठेके के बाहर झोझू रोड को जाम करने की कोशिश की, जिसे पुलिस ने समय रहते नियंत्रित कर लिया।







