हिसार | हिसार के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। केंद्र सरकार की बड़ी योजना के तहत अब शहर के बाहर 40 किलोमीटर लंबा रिंग रोड बनाया जाएगा, जिस पर करीब 3 हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस प्रोजेक्ट को लेकर NHAI ने विस्तृत प्लान तैयार कर मुख्यालय भेज दिया है। मंजूरी मिलते ही जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
शहर को जाम और हादसों से मिलेगी राहत
फिलहाल भारी वाहन दिल्ली, चंडीगढ़ और सिरसा रोड से होकर शहर में घुसते हैं, जिससे आए दिन जाम और हादसों की स्थिति बनती है। लेकिन रिंग रोड बनते ही ऐसे वाहन शहर से बाहर ही अपने रास्ते बदल सकेंगे। इससे न केवल ट्रैफिक का दबाव घटेगा, बल्कि दुर्घटनाओं पर भी लगाम लगेगी।
राजगढ़ और दिल्ली रोड के बीच लंबे समय से थी मांग
राजगढ़ रोड और दिल्ली रोड के बीच बायपास की मांग वर्षों से की जा रही थी। सिरसा और चंडीगढ़ को जोड़ने वाला बायपास तो पहले से मौजूद है, लेकिन शहर को चारों ओर से घेरने वाला यह अंतिम हिस्सा अब जाकर पूरा होगा।
ये गांव होंगे कनेक्ट, 270 हेक्टेयर जमीन होगी अधिग्रहित
इस प्रोजेक्ट के लिए लगभग 270 हेक्टेयर जमीन की जरूरत पड़ेगी। भूमि अधिग्रहण पर लगभग 1000 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिसमें हरियाणा सरकार 500 करोड़ रुपये खर्च करेगी। सड़क निर्माण पर लगभग 2000 करोड़ का अनुमान है।
यह रहेगा रिंग रोड का रूट
रिंग रोड की शुरुआत देवी गांव से होगी और यह NH-52 पर तलवंडी राणा के पास जाकर खत्म होगा। यह रूट कैमरी, भगाना, लाडवा, मैय्यड़, खरड़, नियाणा, मिर्जापुर और धांसू जैसे गांवों से होकर गुजरेगा।







