रोहतक | पीजीआईएमएस रोहतक की मोर्चरी के बाहर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई जब हरियाणा पुलिस में तैनात सब इंस्पेक्टर पवन कुमार ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। वह झज्जर जिले की अपराध जांच शाखा में तैनात थे। फिलहाल आत्महत्या की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और एफएसएल टीम को भी साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया है।
कैलाश कॉलोनी में रह रहे थे सब इंस्पेक्टर पवन
मूल रूप से रोहतक जिले के सुंडाना गांव निवासी पवन कुमार झज्जर में तैनात थे और इन दिनों कैलाश कॉलोनी, रोहतक में रह रहे थे। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे वह पीजीआईएमएस की मोर्चरी के बाहर पहुंचे और सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पीजीआई थाना पुलिस को सूचना दी गई।
अभी तक आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं
डीएसपी गुलाब सिंह ने बताया कि मृतक के परिवार की ओर से फिलहाल कोई लिखित बयान नहीं दिया गया है, इसलिए आत्महत्या के कारणों को लेकर कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा जा सकता। परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पवन कुमार पेशे से सब इंस्पेक्टर थे और झज्जर जिले की CIA यूनिट में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
जांच जारी, सभी पहलुओं को ध्यान में रख रही पुलिस
पुलिस घटना से जुड़े हर कोण से जांच कर रही है। मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड और व्यक्तिगत परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है ताकि आत्महत्या की असली वजह सामने आ सके। शव को पोस्टमार्टम के लिए PGIMS की मोर्चरी में रखवाया गया है।







