Home Haryana फतेहाबाद में फ्रिज का कंप्रेसर फटने से बुजुर्ग की मौत, पत्नी घायल

फतेहाबाद में फ्रिज का कंप्रेसर फटने से बुजुर्ग की मौत, पत्नी घायल

3
0

फतेहाबाद। शहर की नहर कॉलोनी में रात फ्रिज का कंप्रेसर फटने से हुए हादसे में एक बुजुर्ग की जान चली गई, जबकि उनकी पत्नी घायल हो गईं। मृतक की पहचान गुरदेव के रूप में हुई है। घायल पत्नी उषा को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती आशंका है कि घर में शॉर्ट सर्किट के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है।

जानकारी के अनुसार, गुरदेव अपनी पत्नी उषा के साथ नहर कॉलोनी स्थित मकान में रहते थे। रात अचानक घर में रखे फ्रिज का कंप्रेसर फट गया। धमाके के बाद मकान में धुआं भर गया। घर का दरवाजा बंद होने के कारण धुआं बाहर नहीं निकल सका। कुछ ही देर में घर के अंदर धुआं फैलने से दोनों बुजुर्गों की हालत बिगड़ गई।

घटना का पता चलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मकान का दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। इसके बाद पड़ोसियों ने मकान का गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दोनों को बाहर निकाला। उस समय गुरदेव की हालत गंभीर थी। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनकी पत्नी उषा भी हादसे में घायल हो गईं और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

हादसे के बाद नहर कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई। बुजुर्ग की मौत की खबर से इलाके में शोक का माहौल है। फिलहाल फ्रिज का कंप्रेसर फटने के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। शॉर्ट सर्किट को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here