पलवल। पलवल-हथीन रोड पर ट्रक लूटने की कोशिश कर रहे बदमाशों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। बदमाशों को रोकने का प्रयास कर रहे हरियाणा पुलिस के विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) दयाराम को आरोपियों ने थार गाड़ी से टक्कर मार दी। हादसे में एसपीओ गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने लूटे गए ट्रक को बरामद कर लिया है, जबकि आरोपी फरार हैं।
जानकारी के अनुसार, पलवल जिले के रणसीका गांव निवासी साबिर ट्रक चालक हैं। वह शाम उत्तराखंड के रुद्रपुर से पेपर सीट का माल लेकर राजस्थान के जयपुर जा रहे थे। रात करीब दो बजे जब वह हथीन रोड पर रतिपुर गांव के पास पहुंचे तो थार गाड़ी में सवार चार बदमाशों ने लूट के इरादे से उनका रास्ता रोकने की कोशिश की। बदमाशों के इरादे भांपकर साबिर ने ट्रक नहीं रोका और आगे बढ़ते हुए पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दे दी।
आरोप है कि बदमाशों ने ट्रक का पीछा किया और हथीन के पास उसे रुकवा लिया। इसके बाद उन्होंने चालक साबिर के साथ मारपीट की। दो बदमाश ट्रक में सवार हो गए, जबकि अन्य दो साबिर को अपनी थार गाड़ी में बैठाकर पलवल की ओर ले जाने लगे। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया।
पुलिस वाहन में मौजूद एसपीओ दयाराम ने बदमाशों की थार को रोकने के लिए नीचे उतरकर प्रयास किया। इसी दौरान आरोपियों ने उन्हें गाड़ी से टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद बदमाश थार गाड़ी और चालक साबिर को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
घायल एसपीओ को तत्काल पलवल के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए फरीदाबाद के निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। वहीं, पुलिस ने हथीन क्षेत्र से लूटे गए ट्रक को सुरक्षित बरामद कर लिया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।







