नारायणगढ़ | अंबाला जिले के नारायणगढ़ में कुछ दिन पहले हुई सोने की अंगूठियों की चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। अमृतसर से गिरफ्तार की गई युवती की पहचान काजल के रूप में हुई है, जो कई बैंक डकैती मामलों में आरोपी रह चुकी है और उसका नाम चर्चित सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में भी सामने आ चुका है।
ग्लैमर के जाल में फंसाकर की थी चोरी
पुलिस के अनुसार, आरोपी काजल ने पहले दुकानदार का विश्वास जीता और फिर दो सोने की अंगूठियां चोरी कर मौके से फरार हो गई थी। वारदात पूरी तरह सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मामले की जांच कर रही सीआईए-2 टीम ने अमृतसर से काजल को गिरफ्तार कर लिया और चोरी की गई अंगूठियां भी बरामद कर ली गई हैं।
पुलिस पूछताछ में कई खुलासे
सब-इंस्पेक्टर बलकार सिंह ने बताया कि पूछताछ में काजल ने स्वीकार किया है कि वह पंजाब के अमृतसर और तरनतारन में 5-6 बैंकों में लूट की वारदातों में शामिल रही है। उसने बताया कि वह चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी की छात्रा थी और नशे की लत लगने के बाद आपराधिक गिरोह से जुड़ गई थी।
जग्गू भगवानपुरिया गैंग से कनेक्शन, मूसेवाला केस में भी नाम
सूत्रों के मुताबिक, काजल कुख्यात जग्गू भगवानपुरिया गैंग से जुड़ी है और उसके लिए रेकी का काम करती रही है। जानकारी के अनुसार, सिद्धू मूसेवाला की हत्या की रेकी करने वाले को गाड़ी भी इसी ने मुहैया करवाई थी।
14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजी गई
काजल को आज नारायणगढ़ कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में अंबाला की सेंट्रल जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि युवती से जुड़े गिरोह के अन्य सदस्यों की भी तलाश की जा रही है और आगे की जांच जारी है।







