झज्जर | झज्जर पुलिस ने जिलेभर में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ विशेष अभियान छेड़ दिया है। अब तक 174 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा जा चुका है, जिनमें 58 पुरुष, 52 महिलाएं और 64 बच्चे शामिल हैं। पकड़े गए सभी लोगों की वेरिफिकेशन प्रक्रिया जारी है और इन्हें जल्द ही देश से डिपोर्ट किया जाएगा।
पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने बताया कि जिले में चल रहे दो दिवसीय सर्च ऑपरेशन के दौरान ईंट भट्टों और झुग्गी बस्तियों से इन लोगों को पकड़ा गया। फिलहाल सभी को एक धर्मशाला में रखा गया है जहां उनकी पहचान और दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
कमिश्नर ने दिए सख्त निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
डॉ. राजश्री सिंह ने सभी थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्जों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि उनके क्षेत्र में अनधिकृत रूप से रह रहे किसी भी व्यक्ति की पहचान कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए। यदि किसी अधिकारी की लापरवाही सामने आई, तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जनता से अपील: किरायेदारों की वेरिफिकेशन करवाएं
पुलिस कमिश्नर ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने किरायेदारों और कर्मचारियों की पुलिस वेरिफिकेशन जरूर करवाएं। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति बिना जांच के पकड़ा गया, तो मकान मालिक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ईंट भट्ठा संचालकों को सतर्क रहने की हिदायत
ईंट भट्ठा एसोसिएशन के प्रधान सुरेंद्र ने भी सभी भट्ठा मालिकों से अपील की है कि वे अवैध रूप से कार्यरत विदेशी नागरिकों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा, “देशहित सर्वोपरि है, अनधिकृत रूप से रह रहे नागरिकों को बाहर किया जाना जरूरी है।”







