Home Crime हरियाणा में फिर दो पाक जासूस गिरफ्तार: ट्रैवल व्लॉगर और ट्रक ड्राइवर...

हरियाणा में फिर दो पाक जासूस गिरफ्तार: ट्रैवल व्लॉगर और ट्रक ड्राइवर पर खुफिया जानकारी साझा करने का आरोप

264
0

चंडीगढ़ | हरियाणा में पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। शुक्रवार रात राज्य के दो अलग-अलग जिलों में सुरक्षा एजेंसियों ने दो और संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। हिसार से ट्रैवल व्लॉगर ज्योति रानी उर्फ ज्योति मल्होत्रा और नूंह से 22 वर्षीय अरमान खान को पाक खुफिया एजेंसी के लिए जासूसी के आरोप में हिरासत में लिया गया है।

पिछले चार दिनों में हरियाणा के चार जिलों से चार संदिग्ध पाक जासूस गिरफ्तार किए जा चुके हैं। सभी पर सैन्य ठिकानों की संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान तक पहुंचाने का आरोप है।

ज्योति ने तीन बार किया पाकिस्तान दौरा, पाक अधिकारी से संपर्क में थी

हिसार निवासी ज्योति मल्होत्रा ‘ट्रैवल-विद-जो’ नाम से यूट्यूब चैनल चलाती हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार वह तीन बार पाकिस्तान जा चुकी हैं और वहां पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के अधिकारी दानिश से संपर्क में थीं। दिल्ली स्थित पाक उच्चायोग में मुलाकात के बाद वह लगातार उसके संपर्क में रहीं और भारत की सुरक्षा से जुड़ी सूचनाएं साझा करती रहीं।

दानिश को भारत सरकार ने हाल ही में “पर्सोना नॉन ग्राटा” घोषित करते हुए देश छोड़ने का आदेश दिया था। शनिवार को ज्योति को कोर्ट में पेश कर पांच दिन की रिमांड पर भेज दिया गया है।

अरमान खान: पाक एजेंट से वीजा, मैच के बहाने मुलाकात

नूंह के राजाका गांव निवासी अरमान खान का नाम भी जांच एजेंसियों के रडार पर लंबे समय से था। वह पाकिस्तान के एजेंट दानिश के संपर्क में था, जिसने उसे वीजा दिलवाने में मदद की। हाल ही में वह चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान मैच देखने के बहाने पाकिस्तान गया और वहां खुफिया जानकारी साझा की।

अरमान के मोबाइल से डिफेंस एक्सपो की तस्वीरें और सैन्य ठिकानों की वीडियोज मिली हैं। उससे पूछताछ जारी है और उसे छह दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। परिवार की आपराधिक पृष्ठभूमि की भी जांच की जा रही है।

कैथल, कैराना से भी सामने आए संदिग्ध लिंक

कैथल के मस्तगढ़ गांव निवासी देवेंद्र सिंह ढिल्लों की भी संदिग्ध पाक संपर्कों से चैटिंग की जानकारी सामने आई है। हालांकि गिरफ्तारी से पहले उसने अपना मोबाइल डेटा डिलीट कर दिया। नवंबर 2024 में वह पाकिस्तान के ननकाना साहिब के धार्मिक दौरे पर गया था, जहां उसकी मुलाकात एक पाक युवती से हुई थी।

वहीं, कैराना निवासी नौमान इलाही से भी एजेंसियों ने पूछताछ की। उसके मोबाइल से मिले वॉइस नोट्स में पाकिस्तानी हैंडलर इकबाल काना द्वारा पठानकोट व गुरदासपुर की सेना मूवमेंट की जानकारी मांगी गई थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here