पानीपत | जिले के एक निजी स्कूल सरस्वती विद्या मंदिर में 8वीं कक्षा के छात्रों को कलमा पढ़ाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद अभिभावकों ने कड़ी आपत्ति जताई, जिसके चलते स्कूल प्रबंधन ने संबंधित महिला अध्यापक को तत्काल प्रभाव से सेवा से हटा दिया है।
जानकारी के अनुसार, संस्कृत पढ़ाने वाली शिक्षिका महजीब अंसारी उर्फ माही पर आरोप है कि उन्होंने कक्षा में छात्रों को कलमा पढ़ाया। यह मामला उस वक्त सामने आया जब बच्चे स्कूल से घर लौटने के बाद कलमा गुनगुनाते पाए गए। परिजनों द्वारा पूछे जाने पर बच्चों ने बताया कि यह उन्हें स्कूल में सिखाया गया था।
स्कूल प्रबंधन ने लिया त्वरित एक्शन
मामले की गंभीरता को देखते हुए परिजन सीधे स्कूल पहुंचे और प्रबंधन को शिकायत सौंपी। स्कूल प्रशासन ने जांच के बाद संबंधित अध्यापिका को तत्काल स्कूल से बर्खास्त कर दिया। वहीं, स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। हालांकि, बाद में दोनों पक्षों में आपसी सहमति से मामले को शांतिपूर्वक सुलझा लिया गया।
पुलिस की प्राथमिक जांच
मौके पर पहुंचे सब-इंस्पेक्टर निवास ने जानकारी दी कि छात्रों द्वारा किसी अन्य धर्म की प्रार्थना जानने की जिज्ञासा जताई गई थी। इस पर शिक्षिका ने कथित तौर पर उन्हें दो पंक्तियाँ बताई थीं। बच्चों ने वही पंक्तियाँ घर पर दोहराईं, जिससे परिजनों को इसकी जानकारी मिली।
अभिभावकों में रही नाराज़गी
घटना के बाद इलाके में अभिभावकों के बीच नाराज़गी देखी गई। कई अभिभावकों ने इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मामला बताते हुए स्कूल प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।
फिलहाल, स्कूल प्रशासन ने शिक्षिका को हटाकर मामले को शांत किया है और आश्वासन दिया है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होने दी जाएगी।







