Home Crime ISI के लिए जासूसी कर रहा था कैथल का देवेंद्र, फोरेंसिक डाटा...

ISI के लिए जासूसी कर रहा था कैथल का देवेंद्र, फोरेंसिक डाटा से खुल सकते हैं कई राज

182
0

कैथल | पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार मस्तगढ़ गांव निवासी देवेंद्र के मामले में आज अहम खुलासे हो सकते हैं। पंचकूला स्थित फॉरेंसिक लैब (FSL) ने देवेंद्र के मोबाइल और लैपटॉप से डिलीट किया गया डाटा काफी हद तक रिकवर कर लिया है, जिसे आज साइबर थाना कैथल को सौंपा जाएगा। इस डाटा के विश्लेषण से यह पता लगाया जाएगा कि आरोपी ने पाकिस्तान को कौन-कौन सी संवेदनशील जानकारियां भेजीं।

हथियारों की फोटो से हुआ था पर्दाफाश

देवेंद्र की गिरफ्तारी अवैध हथियारों के साथ सोशल मीडिया पर फोटो डालने के मामले में हुई थी। प्रारंभिक पूछताछ और डिजिटल जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि वह ISI के लिए जासूसी कर रहा था। इसके बाद आरोपी के खिलाफ आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम और देशद्रोह की धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

रिकवर हुआ डाटा, आज सौंपा जाएगा पुलिस को

जांच के दौरान पुलिस ने देवेंद्र से दो मोबाइल फोन और एक लैपटॉप जब्त किए थे, जिनका सारा डाटा डिलीट पाया गया था। पंचकूला की फॉरेंसिक लैब में भेजे गए इन उपकरणों से अब डाटा सफलतापूर्वक रिकवर कर लिया गया है। साइबर पुलिस को उम्मीद है कि इस डाटा से पाकिस्तान को भेजी गई गोपनीय जानकारी और उसके तौर-तरीकों का खुलासा हो सकता है।

एसपी ने गठित की चार सदस्यीय एसआईटी

कैथल एसपी आस्था मोदी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए चार सदस्यीय स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन किया है, जिसकी कमान डीएसपी गुरविंदर सिंह के पास है। टीम में साइबर थाना प्रभारी एसआई शुभांशु, इंस्पेक्टर साहिल कुमार (सिविल लाइन थाना), और एसआई रमेश कुमार (स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट) को शामिल किया गया है।

आर्थिक लेन-देन की भी हो रही जांच

एसआईटी देवेंद्र के बैंक ट्रांजैक्शनों और आर्थिक गतिविधियों की भी गहन जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उसे पाकिस्तान से किसी तरह की आर्थिक सहायता तो नहीं मिली।

आरोपी रिमांड पर, हो रही गहन पूछताछ

कोर्ट द्वारा तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजे गए आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, रिकवर डाटा के विश्लेषण के बाद आज की पूछताछ में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।

व्हाट्सएप और स्नैपचैट से करता था संपर्क

साइबर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक शुभांशु ने बताया कि देवेंद्र पाकिस्तान के खुफिया एजेंटों से व्हाट्सएप और स्नैपचैट जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए संपर्क में था। जांच टीम को उम्मीद है कि डाटा से उन सूचनाओं का भी पता चल सकेगा जो उसने विदेश भेजी थीं।

यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों के लिए अत्यंत संवेदनशील बन गया है और हर पहलू पर बारीकी से नजर रखी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here