फतेहाबाद : चन्द्रिका ( TSN)-फतेहाबाद के जाखल में वीरवार सुबह 4 बजे से हो रही मूसलाधार बारिश से जहां एक तरफ मौसम सुहाना होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। तो वहीं शहर वासियों के राहत के साथ ये बरसात आफत भी बन गई है। बारिश से शहर में चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है। इससे प्रशासन के विकास के दावों की पोल खुल गई है।
बता दें कि शहर के चंडीगढ़ रोड़, स्टेट बैंक रोड, अनाज मंडी व रेलवे रोड सहित अन्य मार्गो पर करीब तीन-तीन फीट पानी जमा हो चुका है। इससे लोगों का घरों तक से निकलना भी मुश्किल हो गया है। बरसात से शहर के निचले इलाकों में लोगों के घरों में पानी घुस गया है। लोग खुद मेहनत, मशक्कत से बाल्टियों से घरों से पानी निकालने में जुटे हुए हैं। इसे लेकर आम आदमी पार्टी के नेता व जाखल निवासी आदित्य बंसल ने शहर में उत्पन्न हुईं इस समस्या को लेकर आवाज उठाई है। उनका कहना है कि बारिश से प्रशासन के दावे पूरी तरह से खोखले साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में विकास के नाम पर लगने वाले करोड़ों रुपए पानी में बह गए हैं। मानसून की दूसरी बरसात ने शहर में विकास के दावों की पोल खोल कर रख दी हैं। वही जाखल गाँव के पूर्व सरपंच नवजोत सिंह विक्की ने भी इसे लेकर जमकर सरकार को घेरा है।







