नरवाना। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी द्वारा घोषित 12वीं कक्षा के परिणाम में नरवाना की एसडी कन्या महाविद्यालय की छात्रा यशिका ने प्रदेशभर में दूसरा स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यशिका ने कुल 500 में से 495 अंक हासिल किए हैं। इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार में बल्कि स्कूल और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
यशिका ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को देते हुए बताया कि वह रोजाना 8 से 10 घंटे पढ़ाई करती थी। पढ़ाई के साथ-साथ वह बैडमिंटन में भी रुचि रखती हैं। उनका सपना है कि वे चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) बनें और समाज में एक मजबूत पहचान स्थापित करें।
स्कूल में खुशी का माहौल, शिक्षकों और छात्रों ने दी बधाई
जैसे ही यशिका की उपलब्धि की खबर स्कूल पहुंची, वहां जश्न का माहौल बन गया। छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने मिठाई बांटी और नाच-गाकर अपनी खुशी जाहिर की। स्कूल प्रशासन ने यशिका की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए उन्हें प्रेरणास्रोत बताया।
“बेटी पर गर्व है” – यशिका के पिता
यशिका के पिता सूरज ने बताया कि उन्हें अपनी बेटी पर गर्व है। उन्होंने कहा, “हमें उम्मीद थी कि वह जिले में जरूर स्थान बनाएगी, लेकिन हरियाणा स्तर पर दूसरी रैंक मिलना हमारे लिए गर्व का पल है। मेरी दो बेटियां और एक बेटा हैं, और तीनों ही पढ़ाई में काफी होनहार हैं।”
यशिका की इस शानदार सफलता ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।







