फरीदाबाद | हरियाणा के फरीदाबाद में एक गंभीर घटना सामने आई है, जिसमें कुछ युवकों ने पुलिस की गाड़ी को टक्कर मारने के बाद एएसआई और उनके साथी कर्मी के साथ मारपीट की। वारदात के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मॉल के पास हो रही थी चेकिंग
थाना सेंट्रल ईआरवी इंचार्ज एएसआई कृष्ण कुमार अपने सहयोगी के साथ 28 अप्रैल को शाम करीब 5 बजे सेक्टर-12 स्थित पेबल डाउनटाउन मॉल चौक के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एल्डिको मॉल की दिशा से आ रही एक कार ने उनकी गाड़ी को सीधे टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर कुछ दूरी पर गाड़ी को रोक लिया।
कार में सवार थे 5 युवक
कार रुकवाने के बाद पुलिस ने जब पूछताछ शुरू की, तो गाड़ी में सवार पांच युवक पुलिसकर्मियों से उलझने लगे। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई कर रहे हैं और एएसआई की वर्दी पकड़कर उन्हें खींचा जा रहा है। युवकों ने पुलिस पर हाथ उठाने की भी कोशिश की।
पुलिसकर्मियों से की मारपीट
अपनी शिकायत में एएसआई कृष्ण कुमार ने बताया कि आरोपियों ने उनके और एसपीओ भूरा सिंह के साथ धक्का-मुक्की की। घटना में कृष्ण कुमार को हाथ में खरोंच और अन्य चोटें आई हैं।
पूर्व पुलिस पीआरओ से भी हुई झड़प
पूर्व पुलिस पीआरओ सूबे सिंह, जो वर्तमान में भी फरीदाबाद पुलिस में कार्यरत हैं, जब घटना का वीडियो बना रहे थे, तब युवकों ने उनका मोबाइल छीनने की कोशिश की। इस दौरान उनकी भी युवकों से झड़प हो गई। वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि आरोपी फोन छीनने का प्रयास कर रहे हैं और पुलिसकर्मियों को अपशब्द कह रहे हैं।
मामला दर्ज, जांच जारी
घटना के बाद आरोपी युवक अपनी कार में बैठकर मौके से फरार हो गए। एएसआई कृष्ण कुमार की शिकायत पर थाना सेंट्रल पुलिस ने पांच युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।







