झज्जर। जिले के धनिरवास गांव के पास सोमवार शाम को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब एनटीपीसी प्लांट से ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल झज्जर भेजा गया।
मृतक की पहचान 50 वर्षीय देवेंद्र, पुत्र कँवरलाल, निवासी गांव धनिरवास, जिला झज्जर के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार देवेंद्र झाड़ली के पास स्थित एनटीपीसी प्लांट में कार्यरत था और हादसे के समय ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहा था। धनिरवास के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज
मामले की जांच कर रहे हेड कांस्टेबल जगबीर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतक के पुत्र अभिषेक के बयान के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है। मामले की गहन जांच जारी है।







