यमुनानगर | इन दिनों हरियाणा की अनाज मंडियां गेहूं की बोरियों से भरी पड़ी हैं। प्रशासन का दावा है कि उठान कार्य सुचारू रूप से चल रहा है और आढ़तियों को समय पर ट्रक उपलब्ध कराए जा रहे हैं। हालांकि, यमुनानगर जिले के छछरौली की अनाज मंडी से अलग ही तस्वीर सामने आ रही है।
यहां आढ़तियों ने प्रशासन और ठेकेदारों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्हें गेहूं उठान के लिए प्राइवेट वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है। आढ़ती कपिल और मनीष गर्ग ने आरोप लगाया कि मंडी से समय पर गेहूं की बोरियां नहीं उठाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि निजी साधनों से ही तीनों गोदामों में गेहूं पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ट्रांसपोर्टर के कागजों में छछरौली मंडी के लिए 40 ट्रकों का दावा किया गया है, जबकि जमीनी स्तर पर एक भी ट्रक नजर नहीं आता।
प्रशासन ने दी सफाई
इस संबंध में यमुनानगर के DFSC जतिन मित्तल ने कहा कि उन्हें इस प्रकार की शिकायत मिली थी, लेकिन यह समस्या केवल एक-दो दिन के लिए होती है। उन्होंने बताया कि जिले की 13 अनाज मंडियों में गेहूं उठान के लिए 400 से अधिक ट्रक लगाए गए हैं और अब तक करीब 78 प्रतिशत गेहूं का उठान सफलतापूर्वक किया जा चुका है।







