रोहतक | जिले के मायना गांव में सोमवार शाम पैराग्लाइडिंग के दौरान तेज धूल भरी आंधी आने से बड़ा हादसा हो गया। असंतुलित होकर एक पैराग्लाइड नीचे गिर गया, जिससे पायलट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पैराग्लाइड में सवार युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव मायना में पैराग्लाइडिंग कैंप का आयोजन किया गया था। सोमवार शाम एक पायलट ने युवती को लेकर उड़ान भरी थी। इसी दौरान मौसम अचानक बिगड़ गया और तेज आंधी चलने लगी, जिससे पैराग्लाइड का संतुलन बिगड़ गया। पायलट ने स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन पैराग्लाइड हवा में अनियंत्रित होकर झूलता रहा और अंततः गांव में एक निर्माणाधीन मकान पर गिर गया।
पायलट की मौके पर मौत, युवती घायल
हादसे में पैराग्लाइड के पायलट नरेंद्र मलिक, निवासी गांव मोखरा, की मौके पर ही मौत हो गई। घायल युवती को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। पायलट नरेंद्र मलिक का पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण मौसम में अचानक आया बदलाव माना जा रहा है। मामले की जांच जारी है।







