फरीदाबाद | जिले में रविवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक मां ने अपने दो साल के मासूम बेटे को आगरा नहर में फेंक दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में ले लिया। फिलहाल नहर में बच्चे की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।
घटना रविवार रात लगभग 10 बजे बीपीटीपी चौक के पास आगरा नहर की है। वहां से गुजर रही एक महिला ने देखा कि एक अन्य महिला अपने बच्चे को गोद में लेकर नहर के किनारे खड़ी थी और फिर उसने मासूम को पानी में फेंक दिया। प्रत्यक्षदर्शी महिला ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मानसिक तनाव में थी महिला
पुलिस ने आरोपी महिला की पहचान 38 वर्षीय मेघा के रूप में की है, जो फरीदाबाद की सैनिक कॉलोनी, एच ब्लॉक की रहने वाली है और एक गृहिणी है। बताया गया है कि मेघा मानसिक रूप से अस्वस्थ है और पिछले कुछ समय से उसका इलाज चल रहा है। महिला का पति कपिल लुकरा एक निजी कंपनी में कार्यरत है।
परिवार वालों के अनुसार, 11 मई की शाम मेघा अपने बेटे के साथ अचानक घर से लापता हो गई थी। उनकी काफी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में प्रत्यक्षदर्शी की सूचना के आधार पर पुलिस ने मेघा को नहर के पास से हिरासत में लिया।
तंत्र विद्या के एंगल की भी जांच
पुलिस ने बताया कि घटना के पीछे किसी तांत्रिक क्रिया या अंधविश्वास के एंगल को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है और हर पहलु से जांच की जा रही है। फिलहाल बच्चे की तलाश के लिए नहर में सर्च ऑपरेशन जारी है।
थाना प्रभारी अरविंद ने पुष्टि की कि प्रथम दृष्टया महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वह इलाजरत है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई स्पष्ट होगी।







