रेवाड़ी। दीपावली के त्योहार को देखते हुए रेवाड़ी पुलिस ने अवैध रूप से पटाखों की बिक्री और भंडारण करने वालों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। पुलिस ने शहर के मुक्तिवाड़ा, तकियासराय, गोकलगेट और शक्तिनगर सहित विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर पटाखों का अवैध भंडार पकड़ा है। इस कार्रवाई के दौरान तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में दबिश दी। इस दौरान बिना अनुमति पटाखों की बिक्री और उन्हें स्टोर करने के मामलों पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने मौके से बरामद पटाखों को कब्जे में लेकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, इस अभियान के तहत शहर थाना और मॉडल टाउन थाना पुलिस ने अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। छापेमारी के बाद अवैध रूप से पटाखों का कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अब मामलों से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा ने कहा कि अवैध रूप से पटाखों की बिक्री और भंडारण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिना अनुमति पटाखे बेचने या जमा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नियमों का उल्लंघन रोकने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।




