अंबाला | भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए अंबाला जिला प्रशासन ने ऐहतियातन बड़ा कदम उठाया है। आज रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक जिले में पूर्ण ब्लैकआउट रहेगा।
इस ब्लैकआउट का मकसद लोगों को आपातकालीन स्थिति, विशेषकर हवाई हमले की आशंका के दौरान सतर्क रहने और खुद को सुरक्षित रखने के तरीके सिखाना है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे शाम 8 बजे से पहले सभी लाइटें बंद कर दें और घरों के भीतर रहें।
वाहन चालकों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे रात 8 बजे के बाद अपने वाहन वहीं रोक दें, जहां वे उस समय मौजूद हों। पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें रातभर सड़कों पर गश्त करेंगी और सुनिश्चित करेंगी कि कहीं भी रोशनी न दिखे। प्रशासन का कहना है कि यह कदम पूरी तरह एहतियातन है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।







