गुरुग्राम:दिल्ली-जयपुर हाईवे पर राजीव चौक के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नगर निगम की सफाई गाड़ी में अचानक भीषण आग लग गई।बताया जा रहा है कि सफाई ट्रक के इंजन से पहले धुआं निकलता दिखाई दिया और कुछ ही पलों में पूरा ट्रक आग की लपटों में घिर गया।गाड़ी में आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते ट्रक से छलांग लगा दी और अपनी जान बचा ली। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।देखते ही देखते आग इतनी विकराल हो गई कि ट्रक का इंजन और केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। हाईवे पर उठते काले धुएं और आग की ऊंची लपटों को देखकर आसपास मौजूद लोगों में भी हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है।हालांकि, आग के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।हादसे के कारण दिल्ली-जयपुर हाईवे और आसपास की सर्विस रोड पर यातायात की रफ्तार धीमी हो गई। आग लगी गाड़ी को देखने और मौके पर वीडियो बनाने के लिए लोगों की भीड़ जमा होने से स्थिति और बिगड़ गई। इसके चलते करीब एक से डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया।पुलिस ने क्रेन की मदद से जले हुए सफाई ट्रक को सड़क से हटवाया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद हाईवे पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह सामान्य हो सकी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और जाम खुलवाने के लिए यातायात को सुचारू कराया।







