गुरुग्राम (एकता): गुरुग्राम में आयोजित G-20 की एंटी करप्शन वर्किंग ग्रुप के कार्यक्रम का आज आखिरी दिन है। बता दें कि 3 दिन की बैठक के बाद शनिवार को डेलीगेट्स को हरियाणवी संस्कृति से रू-ब-रू कराया जा रहा है। विदेशी मेहमानों को सुल्तानपुर लेक, प्रतापगढ़ फार्म का भ्रमण कराया जाएगा। सुल्तानपुर लेक पर डेलीगेशन ने पौधारोपण किया। सुल्तानपुर लेक पर पहुंचे माइग्रेटेरी पक्षियों को भी डेलीगेट्स ने देखा।

जानकारी के मुताबिक जी-20 एंटी करप्शन वर्किंग ग्रुप की बैठक में शामिल हुए विदेशी प्रतिनिधियों को गुरुग्राम में सुखद अनुभव मिला है। भारत में एंटी करप्शन वर्किंग ग्रुप की पहली बैठक के मेजबान हरियाणा को लेकर विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधि गुरुग्राम में मिले आदर सत्कार और यहां की संस्कृति से बेहद प्रभावित नजर आए। गुरुग्राम में एक से तीन मार्च तक आयोजित बैठक में भ्रष्टाचार के खिलाफ वैश्विक लड़ाई पर हुए मंथन में शामिल विदेशी प्रतिनिधियों ने अपने शब्दों से भारत में मिले सम्मान व सत्कार की प्रशंसा करते हुए खुशी जताई।

जी-20 के स्थाई सदस्य इंडोनेशिया के प्रतिनिधि बुदी संतोसो एंटी करप्शन वर्किंग की बैठक में शामिल होने के लिए पहली बार भारत आए हैं। इस बैठक के लिए गुरुग्राम में पहुंचने पर मिले सम्मान व सत्कार की जितनी प्रशंसा की जाए उतनी कम है।







