रोहतक | रोहतक में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए हरियाणा सरकार के सहकारिता, जेल और पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने पंजाब द्वारा हरियाणा के हिस्से का पानी रोकने के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि पंजाब की इस कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री ने हाल ही में सर्वदलीय बैठक बुलाई थी, जिसमें सभी राजनीतिक दलों ने एकमत से यह निर्णय लिया कि हरियाणा अपने हिस्से का एक बूंद पानी भी नहीं छोड़ेगा।
डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि पानी प्राकृतिक संसाधन है और किसी एक राज्य का इस पर एकाधिकार नहीं हो सकता। उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) पर निशाना साधते हुए कहा कि जब दिल्ली में आप की सरकार थी, तब पानी की आपूर्ति हरियाणा से होती थी, लेकिन अब पार्टी दिल्ली और राजस्थान जैसे राज्यों की जरूरतें भूल गई है। उन्होंने कहा कि जिस तरह AAP की कार्यप्रणाली चल रही है, उससे लगता है कि इस बार पंजाब से भी पार्टी का सफाया हो जाएगा।
“हरियाणा के सभी दल पानी के मुद्दे पर एकजुट”
मंत्री ने कहा कि इस मसले पर हरियाणा के सभी राजनीतिक दल एकजुट हैं और पंजाब सरकार की ‘छोटी सोच’ और ‘ओछी राजनीति’ को जनता पहचान चुकी है।
पहलगाम हमले पर कड़ा रुख
पहलागाम में हुए आतंकी हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि यह केवल किसी राज्य का नहीं, बल्कि पूरे देश का मामला है। उन्होंने कहा कि देश की जनता इस घटना से आक्रोशित है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस पर गंभीरता से कार्य कर रहे हैं। पाकिस्तान की स्थिति पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि पाकिस्तान घबराहट में अब चीन और अमेरिका से भारत पर दबाव बनवाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन देश मोदी जी के साथ खड़ा है।
जातिगत जनगणना पर भी रखी राय
जातिगत जनगणना पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि देश इस प्रक्रिया का स्वागत कर रहा है। केंद्र सरकार ने इसे जनहित में मानते हुए निर्णय लिया है और भाजपा ने कभी इसका विरोध नहीं किया है।







