अमृतसर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बुधवार को अमृतसर स्थित सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब पहुंचे और गुरु घर में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने देश और प्रदेश में शांति, खुशहाली तथा समृद्धि की कामना करते हुए अरदास की। केसरी दस्तार सजाकर पहुंचे मुख्यमंत्री ने पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ गुरु साहिब के चरणों में शीश नवाया।
दर्शन करने के बाद मुख्यमंत्री ने श्री हरिमंदिर साहिब परिसर में पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने हरियाणा, पंजाब सहित देश-विदेश की संगत को गुरुपर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु घर में नतमस्तक होकर मन को असीम शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। यह पवित्र स्थान हर श्रद्धालु को आध्यात्मिक शांति और सेवा की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रथम पातशाही श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि गुरु साहिब का संदेश ‘किरत करो, नाम जपो और वंड छको’ केवल सिख समाज ही नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि ईमानदारी और मेहनत से आजीविका कमाना, परमात्मा का स्मरण करना तथा अपनी कमाई और संसाधनों को जरूरतमंदों के साथ साझा करना ही गुरु साहिब की शिक्षाओं का मूल भाव है।
उन्होंने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी ने समानता, भाईचारे, सेवा और मानवता का जो संदेश दिया, वह आज भी समाज को सही दिशा दिखा रहा है। मौजूदा समय में इन सिद्धांतों को जीवन में अपनाने की आवश्यकता और भी बढ़ गई है। गुरु साहिब की शिक्षाएं समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और सहयोग की भावना को मजबूत करती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार भी गुरु साहिब के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए जनकल्याण और समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचे और जरूरतमंद लोगों को बेहतर अवसर मिलें।
अंत में मुख्यमंत्री ने संगत से आह्वान किया कि वे श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाएं तथा सेवा, सच्चाई, परिश्रम और आपसी भाईचारे को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि मानवता की सेवा और मिल-जुलकर रहने की भावना से ही एक बेहतर और समरस समाज का निर्माण किया जा सकता है।







