सोनीपत । जिले में अपराधों की बढ़ती घटनाएं आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रही हैं। हालिया घटना में दो कार सवार युवकों ने एक डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट की और उससे नकदी छीनकर फरार हो गए। घटना की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हैं। पीड़ित का आरोप है कि एक युवक खुद को डीएसपी बताकर धमका रहा था।
रात में डिलीवरी देने गया था युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिव कॉलोनी निवासी रितिक देर रात पुरानी तहसील क्षेत्र में ऑर्डर की डिलीवरी देने गया था। इसी दौरान एक कार में सवार दो युवकों ने उसे रोककर बहस की, फिर मारपीट कर उससे पैसे छीन लिए। रितिक ने बताया कि उनमें से एक युवक खुद को डीएसपी बताकर दबाव बना रहा था।
पीड़ित का अस्पताल में इलाज जारी
मारपीट में घायल रितिक को स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
CCTV फुटेज से मिल सकता है सुराग
घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है, जिसकी मदद से पुलिस आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। प्रेस प्रवक्ता रविंद्र कुमार ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बढ़ते अपराधों पर चिंता
इस घटना के बाद एक बार फिर सोनीपत में कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। आमजन खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है और अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं।







