कुरुक्षेत्र । शाहाबाद मारकंडा में दिनदहाड़े एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाते हुए बाइक सवार दो बदमाशों ने उसके कानों से सोने की बालियां छीन लीं। वारदात में महिला के दोनों कान कट गए और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
AC की दुकान का पता पूछने के बहाने की वारदात
पीड़िता कृष्णा देवी, जो सिद्धार्थ कॉलोनी की निवासी हैं, के अनुसार वह घर के बाहर कुर्सी पर बैठी थीं, तभी बाइक पर सवार दो युवक गली में आए। बाइक चालक ने हेलमेट पहना हुआ था और पीछे बैठे युवक ने मास्क लगाया हुआ था। मास्क पहने युवक ने बातचीत के बहाने पास आकर एसी रिपेयर की दुकान का पता पूछना शुरू किया।
इसी दौरान उसने अचानक उनकी गर्दन पकड़ ली और दोनों कानों से सोने की बालियां झपट लीं। बालियां खींचते समय उनके दोनों कान कट गए और वह लहूलुहान हो गईं। घटना के बाद आरोपी साथी के साथ बाइक पर सवार होकर फरार हो गया।
परिजनों ने पहुंचाया अस्पताल, दोनों कानों में लगे टांके
चीख-पुकार सुनकर परिजन बाहर आए और घायल कृष्णा देवी को तुरंत अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उनके कानों में टांके लगाए। बताया जा रहा है कि छीनी गई बालियां करीब एक तोले की थीं। आरोपी जिस बाइक पर आए थे, उस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी, जिससे उनकी पहचान मुश्किल हो रही है।
पुलिस जुटी जांच में, CCTV फुटेज से मिल सकते हैं सुराग
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।







