10 दिसंबर, अंबाला–अम्बाला में गुंडागर्दी थमने का नाम नहीं ले रही है । आए दिन अपराधी वारदातों को अंजाम दे कर मौक़े से फरार हो जाते हैं और पुलिस हाथ मलते रह जाती है। ताजा मामला अंबाला शहर के जंडली इलाके का है। बिना नंबर की स्कार्पियो में सवार 5 से 6 बदमाश नकाब पहन कर आये और अपनी वरना कार में ड्यूटी पर जा रहे दो सेनिटरी इंस्पेक्टरों को रास्ते में रोक लिया और तेज धार हथियारों से दोनों की जम कर धुनाई की। बस इतना ही नहीं बदमाशों ने उनकी कार भी बुरी तरह तोड़ दी। फिलहाल दोनों युवकों को इलाज के लिए अंबाला शहर के नागरिक हस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
हॉस्पिटल में दाखिल दोनों युवकों ने बताया की कैसे नकाबपोश बदमाशों ने उनके ऊपर हमला किया और उन्हें तेजधार हथियारों से जख़्मी कर दिया। घटना की सूचना पाने के बाद हमेशा की तरह अंबाला पुलिस जांच के नाम पर लाठी पीटने बाद में घटना स्थल पर पहुंची और अपराधियों को पकड़ने की बजाय अपने एरिया के हेर फेर में पड़ गई। पुलिस अपराधियों को पकड़ने की बजाय घटना स्थल पर जा कर यह जांच करती रही की जहाँ घटना हुई है वह जगह किस इलाके में आती है। मौक़े पर पहुंचे सेक्टर 9 थाना प्रभारी ने अंत में मीडिया को यह कह कर अपनी ड्यूटी पूरी कर डाली की इलाका उनका नहीं है, जहाँ घटना हुई वो इलाका जीआर पी के अंदर आता है। ऐसे में सवाल ये उठता है की अगर पुलिस इलाकों के फेर में तावरित कार्यवाई ना करे तो पीड़ितों को इन्साफ कैसे मिलेगा।







