Home Haryana रेवाड़ी के 58-बी अंडरपास की हालत खस्ता, मरम्मत नहीं होने से हादसों...

रेवाड़ी के 58-बी अंडरपास की हालत खस्ता, मरम्मत नहीं होने से हादसों का खतरा

16
0
Screenshot

रेवाड़ी। शहर के वार्ड नंबर 25 में बिजली बोर्ड के पास स्थित 58-बी अंडरपास लंबे समय से बदहाली का सामना कर रहा है। अंडरपास की सड़क जगह-जगह से टूट चुकी है और ऊपर लगी टीन की छत भी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है। इसके चलते यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है। अंडरपास की जर्जर हालत के कारण दुर्घटना होने की आशंका भी बनी हुई है।

वार्ड 25 के पार्षद डॉ. सत्यनारायण यादव ने अंडरपास की मरम्मत और सुंदरीकरण कराने की मांग उठाई है। उन्होंने इस संबंध में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह को ज्ञापन सौंपकर समस्या का जल्द समाधान कराने की अपील की है। पार्षद का कहना है कि अंडरपास का निर्माण होने के बाद से अब तक इसके रखरखाव और मरम्मत पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया है।

ज्ञापन में उन्होंने क्षतिग्रस्त टीन की छत को बदलवाकर नई छत लगवाने की मांग की है। इसके साथ ही डिवाइडर और फुटपाथ पर टूटी टाइलों को बदलने, स्टील की रेलिंग ठीक कराने तथा अंडरपास की दोनों दीवारों और छत पर रंग-रोगन करवाने की जरूरत बताई है। अंडरपास के भीतर बनी सीमेंट कंक्रीट की सड़क भी खराब हो चुकी है, जिसकी मरम्मत कराने की मांग की गई है।

58-बी अंडरपास का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने वर्ष 2021 में किया था। इसके निर्माण की मांग क्षेत्र के लोग लंबे समय से कर रहे थे। रेवाड़ी-नारनौल-रींगस रेल लाइन के फाटक नंबर तीन और रेवाड़ी-महेंद्रगढ़-सादुलपुर रेलवे लाइन के फाटक नंबर 59 पर अंडरपास बनाने का मुद्दा राव इंद्रजीत सिंह ने तत्कालीन रेल मंत्री पीयूष गोयल के समक्ष उठाया था।

अंडरपास बनने से रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम और इंतजार से लोगों को राहत मिली थी। इससे महेंद्रगढ़ और कोसली की ओर से आने-जाने वाले लोगों का आवागमन भी आसान हुआ था। हालांकि, अब अंडरपास की खराब होती स्थिति के कारण स्थानीय लोगों को फिर से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here