हरियाणा, 30 अक्टूबर – प्रधानमंत्री ने मंगलवार को ऑनलाइन माध्यम से टीकाकरण सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से यू-विन पोर्टल राष्ट्र को समर्पित किया। eVIN और Co-WIN के सफल कार्यान्वयन के बाद स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने देश में नियमित टीकाकरण सेवाओं को डिजिटल बनाने के लिए तीसरे स्तंभ के रूप में यू-विन की स्थापना की है.वहीं हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस प्रमुख स्वास्थ्य पहल को शुरू करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया और कहा कि हरियाणा का सार्वभौमिक टीकाकरण कार्यक्रम (यूआईपी) का लक्ष्य सालाना 5.95 लाख से अधिक नवजात शिशुओं और 6.80 लाख से अधिक गर्भवती महिलाओं तक पहुंचने का है।
बता दें कि यू-विन प्लेटफॉर्म एक डिजिटल समाधान है, जो हर गर्भवती महिला, नवजात शिशु, बच्चे और किशोर के टीकाकरण के लिए ट्रैकिंग की सुविधा प्रदान करता है। यह प्रणाली टीकाकरण सत्रों की योजना, लाभार्थियों के पंजीकरण, टीकाकरण स्थिति अद्यतन वास्तविक समय में डिजिटल रूप से अंतिम सेवा वितरण बिंदु से करने और सभी आंकड़ों के रिकॉर्डिंग और रिपोर्टिंग को सक्षम बनाएगी।यू-विन को हेल्थ केयर प्रोफेशनल रजिस्ट्री (एचपीआर), हेल्थ केयर फैसिलिटी रजिस्ट्री (एचएफआर) और एबीएचए के लिए आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) के साथ जोड़कर डिजाइन किया गया है। यह सभी मौजूदा प्रबंधन सूचना प्रणालियों के साथ अनुकूल होगा। यू-विन नागरिकों के लिए एक इंटरैक्टिव यूजर इंटरफेस के अलावा विभिन्न मॉड्यूल के साथ कार्यक्रम प्रबंधकों के लिए प्रासंगिक टीकाकरण प्रमाण पत्र भी प्रदान करता है।
टीकों के बारे में एसएमएस के माध्यम से समय-समय पर मिलता है अलर्ट
लाभार्थियों को यू-विन पोर्टल के माध्यम से उनके नियत टीकों के बारे में एसएमएस के माध्यम से समय-समय पर अलर्ट मिलता है।यह पोर्टल ऑफलाइन और ऑनलाइन पंजीकरण, टीकाकरण की तत्काल पुष्टि करने व सुविधाजनक स्लॉट-बुकिंग सहित विभिन्न सुविधाएं लाभार्थियों को प्रदान करता है। लगभग 6000 स्वास्थ्य देखभाल कर्मियों और 20,000 से अधिक मोबिलाइज़र को यू-विन पोर्टल पर लाभार्थियों के पंजीकरण और टीकाकरण के लिए प्रशिक्षित किया गया है। इसके अलावा लगभग 808 सरकारी और 1525 निजी स्वास्थ्य सुविधाओं को यू-विन पोर्टल बनाया गया है और प्रशिक्षित किया गया है। हरियाणा में नियमित टीकाकरण सत्रों के लिए लगभग 29,000 सत्र स्थल यू-विन पोर्टल पर बनाए गए हैं।







