Home Panipat भूपेंद्र हुड्डा बोले…कौशल कर्मियों को रेगुलर करके दिया जाएगा उचित वेतन व...

भूपेंद्र हुड्डा बोले…कौशल कर्मियों को रेगुलर करके दिया जाएगा उचित वेतन व जॉब सिक्युरिटी

120
0
पानीपत, 1 अक्टूबर – नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 4 लाख गरीब, दलित व पिछड़े परिवारों को घर बनाने के लिए 100-100 गज के मुफ्त प्लाट दिए थे। कांग्रेस ने ही 20 लाख गरीब बच्चों को देश में सबसे ज्यादा वजीफा दिया था। लेकिन भाजपा ने सत्ता में आते ही गरीबों का प्लॉट, मकान व वजीफा सब छीन लिया। यह बात उन्होंने समालखा की अनाजमंडी में कांग्रेस प्रत्याशी धर्म सिंह छौक्कर के समर्थन में आयोजित जनसभा में कही। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने जा रही है तो समालखा के अहसान का बदला विकास कार्य करवाकर उतारने की कोशिश करूंगा। उन्होंने कहा कि  कांग्रेस सरकार बनने पर समालखा में रिकॉर्ड तोड़ काम करवाएगी।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि इस बार सीधा मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच है। वोट काटुओं से बचकर रहना और सावधानी से अपने मत का प्रयोग करना। वोट काटुओं को जाने वाली हरेक वोट बीजेपी के खाते में जाएगी। इस दौरान दिल्ली कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी भी हुड्डा के साथ मौजूद रहे। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि आज कांग्रेस के पक्ष में हवा इसलिए बनी है क्योंकि जनता ने दोनों सरकारों के काम को तोल लिया है। कांग्रेस में जहां प्रदेश में शांति और खुशहाली का राज था, वहीं भाजपा के समय में बदमाशों और नशा तस्करों का राज है। हरियाणा में कभी हमने चिट्टा नाम नहीं सुना था, लेकिन भाजपा ने नशा तस्करों को संरक्षण देकर नौजवानों की नस-नस में नशा भर दिया है। आज नशे की वजह से पंजाब से भी ज्यादा मौत हरियाणा में हो रही है। वहीं, प्रदेश में कानून व्यवस्था का जनाजा निकल चुका है। आए दिन फिरौती मांगने और हत्या की घटनाएं हो रही हैं। कांग्रेस राज में हमने बदमाशों को खुली चुनौती देते हुए हरियाणा से बाहर कर दिया था। अब मैं आपसे वादा करता हूं हरियाणा से बदमाशों और नशा तस्करों को खत्म कर देंगे। किसी को भी हरियाणा के भविष्य से खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।
आमदनी दोगुनी करने का झूठ बोलकर सत्ता में आई भाजपा 
 हुड्डा ने कहा कि भाजपा 2022 तक किसानों की आमदनी दोगुनी करने का झूठ बोलकर सत्ता में आई थी, लेकिन डीजल, खाद, दवा के रेट बढ़ाकर लागत कई गुना बढ़ा दी। एमएसपी देने की जगह किसानों को पोर्टलों में उलझा दिया और फसल खरीद की तारीख पर तारीख दी। उन्होंने वादा किया कि कांग्रेस सरकार बनने पर किसानों को उचित भाव के साथ एमएसपी की कानूनी गारंटी दी जाएगी और जनविरोधी पोर्टलों को बंद किया जाएगा। किसानों को डीजल पर सब्सिडी भी देंगे। इसके अलावा महिलाओं को दो हजार रुपए महीना सम्मान राशि, 500 रुपए में रसोई गैस सिलेंडर, 300 यूनिट बिजली मुफ्त, 600 रुपए पेंशन, 100-100 गज के प्लाट व दो कमरे का मकान, कर्मचारियों को ओपीएस, मेरिट पर दो लाख पक्की भर्ती की जाएंगी। पिछड़ा वर्ग की क्रीमी लेयर को 6 से बढ़ाकर 10 लाख रुपए किया जाएगा।
परचून की दुकान की तरह नौकरियां बांटी गईं
 भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस ने ठेकेदारी प्रथा खत्म की थी और भाजपा खुद ठेकेदार बन गई। कौशल रोजगार निगम चलाकर बिना मेरिट, बिना रिजर्वेशन, बिना पेंशन और मामूली तनख्वाह पर ठेका कर्मी भर्ती कर युवाओं का शोषण किया है। कौशल रोजगार निगम भ्रष्टाचार का अड्डा बना और यहां परचून की दुकान की तरह नौकरियां बांटी गईं। भाजपा ने इस निगम के जरिये दलितों और पिछड़ों के आरक्षण पर डाका डालने का काम किया। इसी का परिणाम है आज प्रदेश में मंजूरशुदा दो लाख सरकारी पद खाली पड़े हैं। कांग्रेस इन्हें भर्ती विधान के तहत पूरी पारदर्शिता व मेरिट के साथ भरा जाएगा। साथ ही कौशल कर्मियों को भी रेगुलर करके उचित वेतन देने की नीति बनाई जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here