अंबाला, 24 सितंबर : भाजपा का लोकतंत्र में कोई विश्वास नहीं है। इस तानाशाही सरकार ने पहले तो किसान विरोधी तीन कानून थोपे और फिर इनका विरोध करने पर लाठियां व गोलियां बरसाईं। किसानों का रास्ता रोकने के लिए सड़कें खोदीं और अब भी शंभू बॉर्डर पर हरियाणा सरकार ने किसानों को रोक रखा है। इसके चलते व्यापारियों को भी बड़ा घाटा हो रहा है। इसलिए कांग्रेस सरकार बनने पर शंभू बॉर्डर को खोला जाएगा और किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी दी जाएगी।यह बात पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अंबाला में आयोजित चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कही ।
भाजपा ने तो कांग्रेस का ही घोषणापत्र किया कॉपी
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि केंद्र में राहुल गांधी किसानों के लिए स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करवाने की मांग को लेकर लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने से पहले अंबाला में ना तो सीवर सिस्टम था, ना ही स्टेडियम और ना ही चलने लायक सड़कें। लेकिन कांग्रेस सरकार ने अंबाला में तमाम सुविधाएं स्थापित करने का काम किया था। अब अंबाला को औद्योगिक दृष्टि से आगे बढ़ाने के लिए हमारा लक्ष्य यहां पर आईएमटी स्थापित करने का है। आईएमटी बनने से अंबाला में रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे।साथ ही कांग्रेस ने अभी तक जो सात गारंटी दी है, उसे हर हाल में पूरा किया जाएगा। भाजपा सवाल उठा रही है कि बजट कहां से आएगा। पहले तो भाजपा वाले ही बताएं कि वे बजट कहां से लाएंगे। क्योंकि भाजपा ने तो कांग्रेस का ही घोषणापत्र को कॉपी किया है। कांग्रेस का वादा है कि सरकार बनने पर महिलाओं को 2000 रुपए सम्मान राशि देंगे। साथ ही 6 हजार बुढ़ापा पेंशन, 500 रुपए में गैस सिलेंडर, मेरिट पर 2 लाख पक्की भर्ती और ओबीसी की क्रीमी लेयर 10 लाख रुपए किया जाएगा।
किसानों को 13 महीने तक बॉर्डर पर क्यों रोके रखा
इस मौके पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष चौधरी उदयभान ने कहा कि भाजपा वालों से जवाब लेना है कि उन्होंने किसानों को 13 महीने तक बॉर्डर पर क्यों रोके रखा। 750 किसानों की शहादत का कौन जिम्मेदार है? शंभू बॉर्डर पर किसानों को रोककर उन पर ड्रोन और रबर की गोलियों से हमले किए गए। युवा किसान शुभकरण की मौ.त पर किसकी जवाबदेही तय की गई? देश का नाम रोशन करने वाली पहलवान बेटियों को सड़क पर क्यों घसीटा गया?इस दौरान सांसद वरुण मुलाना, अंबाला शहर से कांग्रेस प्रत्याशी निर्मल सिंह, मुलाना से प्रत्याशी पूजा चौधरी, यमुनानगर से प्रत्याशी रमन त्यागी व पंजाब के पूर्व मंत्री बिजेंद्र सिंगला ने भी जनसभा को संबोधित किया और लोगों से वोट की अपील की।






