यमुनानगर | हरियाणा के यमुनानगर जिले में आबकारी विभाग ने 90 शराब ठेकों को सील कर दिया है। ये सभी ठेके उन 45 जोनों के अंतर्गत आते हैं, जिनकी नीलामी अब तक नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि गैंगस्टरों की धमकियों और दबाव की आशंका के चलते कई ठेकेदारों ने इस बार शराब कारोबार से दूरी बना ली है।
नीलामी न हो पाने और ठेकों के बंद रहने से राज्य सरकार को भारी राजस्व नुकसान हुआ है, वहीं शराब उपभोक्ताओं को भी असुविधा का सामना करना पड़ा। बुधवार रात 11 बजे शुरू हुई सीलिंग की कार्रवाई गुरुवार शाम तक चली। इस दौरान जिले भर के ठेके पूरी तरह बंद रहे और किसी भी दुकान पर शराब की बिक्री नहीं हो सकी।
फिलहाल 45 जोनों में ठेकों पर ताले लटके हैं और विभाग ने अगली नीलामी 13 जून को निर्धारित की है। गुरुवार को जिले में एक तरह से ‘ड्राई डे’ जैसा माहौल रहा, क्योंकि 4 जून को नीलाम हो चुके 10 जोनों के ठेके भी पूरी तरह बंद रहे।
सूत्रों के अनुसार, नए ठेकेदारों को लाइसेंसिंग प्रक्रिया में समय लग रहा है। हालांकि, कई पुराने ठेकेदारों से बातचीत जारी है ताकि उनके स्टॉक से खरीद कर बिक्री शुरू की जा सके। माना जा रहा है कि विभाग अगली नीलामी में रिजर्व प्राइस को घटाकर बोली को आकर्षक बनाएगा।







