चंडीगढ़ ( TSN)- हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल द्वारा ईडी के नोटिस को राजनीतिक नोटिस कहने के आरोपों पर पलटवार किया है । उन्होंने कहा कि ‘अरविंद केजरीवाल डर गए हैं, यदि वह सही होते तो ईडी पहुंचकर सवालों के जवाब देते ।पत्रकारों से बातचीत के दौरान अनिल विज ने कहा कि आम आदमी पार्टी जब से सत्ता में आई है, इन्होंने किसी भी संवैधानिक संस्था को माना नहीं है और हमेशा इसका विरोध किया है।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आरोपों पर दी कड़ी प्रतिक्रिया
प्रदेश की भाजपा सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा सरकार पर लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि हुड्डा ने 10 साल हरियाणा पर राज किया। किसानों की सस्ती जमीन बिल्डर को दी, अनेकों भ्रष्टाचार किए जिस पर केस चल रहे हैं । उन्होंने कहा कि हुड्डा अब अपनी घबराहट को छुपाने के लिए अनर्गल बयान बाजी कर रहे हैं।
गलत कार्य करने वालों को ईडी के सपने आने चाहिए
राजस्थान के मुख्यमंत्री ने ईडी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए थे जिस पर चुटकी लेते हुए गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि कुछ लोगों ने इतने गलत काम किए हुए हैं कि इन्हें दिन-रात एक ही सपना आता है ईडी का। विज ने कहा कि जिन्होंने गलत काम कर रखे हैं उनको ईडी का सपना आना भी चाहिए।







