महेंद्रगढ़ (एकता): सबको हंसाने वाले बॉलीवुड के फेमस एक्टर और डायरेक्टर सतीश कौशिक आज चुपके से सबको रुलाकर चले गए। दिवंगत दिग्गज अभिनेता का हरियाणा में फिल्मी सिटी का सपना था लेकिन वह अब अधूरा रह गया। सतीश कौशिक का जन्म हरियाणा के महेंद्रगढ़ में 13 अप्रैल 1956 को हुआ। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता का महेंद्रगढ़ जिले के गांव धनौदा में काफी लगाव था। जब भी उन्हें समय मिलता वह हरियाणा में अपने गांव चले आते थे। दरअसल वह मुंबई से यहां नए कलाकारों को तैयार करने से लेकर फिल्म पॉलिसी को भी बनाना चाहते थे।

2018 में जब हरियाणा सरकार ने उनकी कोशिशों से फिल्म पालिसी बनाई तो इसके लिए सतीश दो बार मुंबई आए। हरियाणा सरकार ने 4 जनवरी 2020 में सतीश कौशिक को हरियाणा फिल्म प्रोमोशन बोर्ड का चेयरमैन बनाया था। बताया जाता है कि हरियाणा सरकार ने सतीश कौशिक की मांग पर ही पिंजौर में फिल्म सिटी बनाने की घोषणा की थी। लेकिन अभी इस पर कुछ नहीं हो सका। कौशिक जमीनी स्तर की पालिसी तैयार करना चाहते थे, ताकि नीति में नए कलाकारों को ऊभरने का मौका मिल सके।

सोनाली फौगाट को लेकर बनाई थी यह फिल्म
दिवंगत दिग्गज अभिनेता सतीश कौशिक ने साल 2019 में हरियाणवी फिल्म ‘छोरियां छोरों से कम नहीं होतीं’ बनाई।इतना ही नहीं इस फिल्म में भाजपा नेत्री सोनाली फोगाट को भी इस फिल्म में रोल दिया था। महिलाओं को सशक्त बनाने और लैंगिक समानता में एक कदम आगे बढ़ाने के विचार को प्रदर्शित करती राजेश अमरलाल बब्बर द्वारा निर्देशित इस फिल्म में सतीश कौशिक, अनिरुद्ध दवे, रश्मी सोमवंशी मुख्य भूमिकाओं में थे।








