फरीदाबाद | शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। नीलम बाटा रोड पर दरगाह के समीप प्रतिदिन लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए स्लिप रोड का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए चौराहे के आसपास अतिक्रमण हटाया जाएगा।
मंगलवार को बड़खल क्षेत्र के विधायक धनेश अदलखा ने नगर निगम और बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर स्थल का निरीक्षण किया और जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
शाम को रहता है भारी दबाव
यह मार्ग एनआईटी-1 मार्केट की ओर जाने वाले वाहनों के लिए प्रमुख है। शाम के समय यहां ट्रैफिक का दबाव अत्यधिक बढ़ जाता है, जिससे जाम आम बात हो गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क के दोनों ओर अवैध रूप से लगी रेहड़ियां और पटरियों ने सड़क की चौड़ाई को काफी सीमित कर दिया है। इसके अलावा कुछ अवैध निर्माण भी यातायात बाधित करने का कारण बन रहे हैं।
सभी अतिक्रमण होंगे हटाए: विधायक
विधायक अदलखा ने कहा कि एनआईटी क्षेत्र की सभी सड़कों से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जाएगी, ताकि नागरिकों को सुगम यातायात व्यवस्था मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ स्लिप रोड का निर्माण जल्द से जल्द शुरू किया जाए।







