करनाल (एकता): भारत में एच3एन2 इन्फ्लूएंजा वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। अब इस वायरस ने हरियाणा को भी चपेट में ले लिया है। प्रदेश में यह वायरस धीरे-धीरे पैर पसार रहा है। मीडिया सूत्रों के अनुसार हरियाणा के करनाल में डेरा सिकलीगर में इन्फ्लूएंजा एच3एन2 के दो संदिग्ध मरीज पाए गए हैं। हैरानी की बात यह है कि दोनों पति-पत्नी हैं। इनका सिविल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है।
डॉक्टरों ने दोनों मरीजों की एक्सरे रिपोर्ट में छाती में संक्रमण बताया है। बताया जा रहा है कि दोनों पति-पत्नी को काफी दिनों से तेज बुखार आ रहा था। वे ऐसे ही मेडिकल स्टोर से दवाइयां खाते रहे। सोमवार सुबह अचानक दोनों को सांस में लेने में तकलीफ हुई। परिजन दोनों को अस्पताल लेकर गए। डॉक्टरों ने तुरंत ऑक्सिजन लगाकर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा। दोनों के सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद एच3एन2 के बारे में कुछ कहा जा सकता है।
ऐसे करें इस बीमारी से बचाव
इंफ्लुएंजा एच3एन2 से बचाव के लिए लोगों को भीड़-भाड़ वाले इलाकों में मास्क का प्रयोग करना चाहिए। साथ ही हाथ को बार-बार सैनिटाइजर करना चाहिए। डॉक्टरों ने सोशल डिस्टेंसिंग बनाने की बात कही है। बता दें कि ये खांसी, गले में खराश, नाक बहना या बंद रहना, सिरदर्द, शरीर में दर्द, बुखार, ठंड लगना, थकान, सांस फूलना, दस्त एवं उल्टी होने से फैलता है।







