अंबाला (अंकुर कपूर): ऑल पंजाब ट्रक यूनियन ने हरियाणा पंजाब बॉर्डर पर अचानक नेशनल हाईवे जाम कर दिया। शंभू बॉर्डर पर देखते ही देखते हजारों की संख्या में ट्रक ऑपरेटरों की भीड़ जमा हो गई। जिसके बाद हाइवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
बता दें कि पंजाब में ट्रक यूनियनों को बहाल करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर हरियाणा-पंजाब सीमा पर ट्रक ऑपरेटर और ट्रक चालकों ने अनिश्चित काल के लिए डेरा डाल लिया। GT रोड पर ट्रक ऑपरेटर और ट्रक चालकों ने डेरा जमाया तो नजर एक बार फिर किसान आंदोलन जैसा दिखाई दिया, क्योंकि यह वही जगह है जहां से किसानों ने अपने आंदोलन की शुरुआत की थी। ऐसे में अब उसी जगह उसी धरती से ट्रक ऑपरेटर और ट्रक चालकों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
ट्रक ऑपरेटर और ट्रक चालकों ने न सिर्फ भगवंत मान बल्कि पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह पर भी आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि केजरीवाल, भगवंत मान ने वोट लेने के वक्त वादा किया था कि वो इनकी मांगे मान लेंगे, लेकिन अब कई बैठकों और धरनों के बावजूद भी सरकार इनकी मांग पर कोई गौर नहीं कर रही। ऐसे में अब जब तक यूनियनों की बहाली सहित अन्य मांगों पर सरकार नहीं मानती तब तक जाम नहीं खुलेगा।







