भिवानी (अंकुर कपूर): महिला कोच से छेड़छाड़ के मामले पर हरियाणा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा सरकार में खेल मंत्री पर एक महिला कोच द्वारा लगाए गए आरोपों पर कहा कि गंभीर आरोपों के मामले में मंत्री रहते फेयर जांच नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि उनके पास इनेलो नेता अभय चौटाला का फोन आया था तथा पीड़िता उनसे मिलकर अपनी समस्या बताएगी, तभी वे इस मामले में कांग्रेस का स्टैंड सही तरीके से रख सकेंगे। यह बात प्रतिपक्ष नेता भूपेंद्र हुड्डा ने भिवानी में पटवारी व कानूनगो के धरने को समर्थन देने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही।
भिवानी पहुंचे भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पटवारी व कानूनगो के धरने को समर्थन देने के अलावा दिव्यांग अधिकार अधिनियम-2016 को लेकर कई माह से धरना दे रहे दिव्यांगों के बीच पहुंच उनकी मांगों को उठाने की बात कही। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में व्यापारी, किसान, मजदूर, शहरी, ग्रामीण सहित हर वर्ग भाजपा सरकार की नीतियों से परेशान है। इसीलिए धरने-प्रदर्शनों पर बैठा है। उन्होंने कहा कि परिवार पहचान पत्र के नाम पर बुजुर्गो की पेंशन प्रदेश में काटी जा रही है।
पहचान पत्र व राशन कार्ड को लेकर आमजन के सरकारी दफ्तरों के चक्कर कटवाएं जा रहे है। यह मांग वे विधानसभा में भी उठा चुके है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ईवेंट मैनेजमेंट की सरकार है तथा प्रदेश का कर्जा बढ़ाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का काम जनता की आवाज उठाना है। उन्होंने विधानसभा में गन्ने के भाव बढ़ाने की बात कही। भाजपा सरकार द्वारा वर्तमान गन्ने की फसल को लेकर एक रूपया भी दामों में बढ़ोत्तरी नहीं की गई।
पत्रकारों द्वारा खेल मंत्री के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यह गंभीर मामला है कि एक महिला कोच ने खेल मंत्री पर आरोप लगाए है। वे जब तक पीड़िता से बात नहीं कर लेते, कुछ कहने की स्थिति में नहीं है। हालांकि हुड्डा ने कहा कि मंत्री पद पर रहते हुए फेयर जांच नहीं हो सकती। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में दूसर चरण की यात्रा 6 से 11 तारीख तक रहेगी। जिसके बाद यह यात्रा पंजाब की तरफ प्रस्थान करेगी। इस यात्रा को लेकर वे विभिन्न जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लांबंद्ध करने के लिए प्रदेशाध्यक्ष के साथ पहुंच रहे है।







