अंबाला। मंडौर गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 32 वर्षीय महिला पारिवारिक विवाद के बीच मोबाइल फोन लेकर करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर जा चढ़ी। महिला के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही परिवार और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। पड़ोसियों ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतारा और पूछताछ के लिए थाने ले गई।
पुलिस के अनुसार, महिला की पहचान पूनम के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब 12 साल पहले उत्तर प्रदेश के संभल जिले के सुनील के साथ हुई थी। सुनील टेनिस एकेडमी में कोच है और रात के समय कूरियर कंपनी में भी काम करता है। दंपती के तीन बच्चे हैं। इनमें 11 साल की बेटी, आठ साल का बेटा और चार साल की छोटी बेटी शामिल है।
घटना के बाद जब पुलिस ने परिवार से बातचीत की तो पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद की बात सामने आई। सुनील का आरोप है कि उसकी पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। उसने बताया कि इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद और कहासुनी हो चुकी थी। वीरवार दोपहर सुनील सो रहा था। जब वह टेनिस एकेडमी जाने के लिए उठा तो घर के बाहर लोगों की भीड़ देखी। पूछताछ करने पर उसे पता चला कि पूनम उसका मोबाइल फोन लेकर टावर पर चढ़ गई है।
वहीं, पूनम ने पुलिस के सामने अलग पक्ष रखा। उसका कहना है कि उसका मुकेश नामक युवक के साथ प्रेम संबंध है और वह उसके साथ रहना चाहती है। पूनम ने अपने पति पर मारपीट करने का भी आरोप लगाया। पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद मामले की जानकारी जुटाई और महिला को सुरक्षित घर पहुंचाने की कार्रवाई की।
घटना के दौरान काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए थे। पुलिस की समझाइश और करीब डेढ़ घंटे की कोशिश के बाद महिला टावर से नीचे उतरने के लिए तैयार हुई। इसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई, जहां मामले को लेकर पूछताछ की गई। घटना के कारण गांव में काफी देर तक तनाव और चर्चा का माहौल बना रहा।







