रोहतक (अंकुर कपूर): हरियाणा के कांग्रेस के कद्दावर नेता व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने गुजरात चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल भाजपा और कांग्रेस दोनों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। हालांकि देहाती और गांव के इलाकों में कांग्रेस सक्रिय है तो वहीं अरविंद केजरीवाल गुजरात के शहरों में सक्रिय हैं। इससे ज्यादा नुकसान भाजपा को हो रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा आज रोहतक स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस की सरकार आएगी और इस बात का अंदाजा भाजपा इस बात से लगाए कि हरियाणा में राहुल गांधी के आते ही जोरदार स्वागत किया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा 28 दिनों से धरने पर बैठे छात्रों के पक्ष में बयान देते हुए कहा कि सरकार अपना अड़ियल रैवया छोड़ दे और पॉलिसी को हर हाल में वापस ले ताकि मरीजों का भी नुकसान ना हो।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा हरियाणा में हुए पंचायत जिला परिषद व ब्लॉक समिति के चुनाव में भाजपा की करारी हार बताया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा चुनाव से साबित हो गया है कि भाजपा, जेजेपी, आम आदमी पार्टी का सूपड़ा साफ हो गया है। उन्होंने बताया कि ज्यादातर जीते हुए प्रत्याशी कांग्रेस के संपर्क में है और भाजपा अपने गढ़ में ही हारी है।







