रोहतक | हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने डॉ. अमित आर्य को दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी का नया कुलपति नियुक्त किया है। मूल रूप से हरियाणा से ताल्लुक रखने वाले अमित आर्य पत्रकारिता, छात्र राजनीति और प्रशासनिक अनुभव के लंबे सफर के बाद अब इस अहम शैक्षणिक पद पर पहुंचे हैं।
डा. आर्य ने दिल्ली, चंडीगढ़, हिमाचल और हरियाणा में करीब दो दशक तक सक्रिय पत्रकारिता की है। वे हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र हैं और छात्रसंघ में सचिव पद पर भी रह चुके हैं।
पूर्व में निभा चुके हैं सीएम के मीडिया सलाहकार की भूमिका
साल 2014 से 2019 तक वे हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के मीडिया सलाहकार के रूप में कार्यरत रहे। इसके बाद उन्होंने दिल्ली और चंडीगढ़ दोनों जगह मुख्यमंत्री कार्यालय में मीडिया सलाहकार के रूप में चार वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
केंद्र सरकार की योजनाओं से भी जुड़े रहे
पिछले साल उन्हें केंद्र सरकार ने वरिष्ठ मीडिया कंसलटेंट के पद पर नियुक्त किया था। इस दौरान वे पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और चंडीगढ़ में केंद्र की योजनाओं के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को रणनीतिक सुझाव देने का कार्य कर रहे थे।
अब विश्वविद्यालय के कुलपति के रूप में नियुक्ति के बाद शिक्षा क्षेत्र में उनके अनुभव और दृष्टिकोण से नई उम्मीदें जुड़ गई हैं।







