अंबाला (अंकुर): सोशल मीडिया पर बढ़ा विवाद इतना बढ़ गया कि एक व्यक्ति ने 16 साल के नाबालिग लड़के पर गोली चला दी। अंबाला में नौजवानों का आतंक लगातार बढ़ता ही जा रहा है। जिसकी वजह से आए दिन ऐसे मामले सुनने को मिलते हैं। जिस पर अंबाला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक मुख्य आरोपी समेत 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मीडिया से बातचीत करते हुए एसएचओ राम पाल ने बताया कि अंबाला के छावनी में सागर नाम के 16 वर्षीय किशोर का इंस्टाग्राम पर कुछ युवकों से विवाद हो गया। दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ा कि एक 16 वर्षीय लड़के पर गोली चला दी गई।
आनन-फानन में सागर को कैंट सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी पीठ में गोली फंसने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी थी। इस मामले की कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सोनू नाम के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सोनू को एक दिन की रिमांड पर लेकर उससे दो खोल, पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस अपनी पूछताछ में अभी तक ये पता नहीं लगा पाई है कि आरोपी सोनू पिस्टल कहां से लेकर आया था।







