Home Ambala अंबाला में चलती बस में महिला ने दिया बच्ची को जन्म, जच्चा-बच्चा...

अंबाला में चलती बस में महिला ने दिया बच्ची को जन्म, जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ

196
0

अंबाला । अंबाला शहर के कालका चौक के पास पंजाब रोडवेज की एक बस में सफर कर रही महिला ने रास्ते में ही बच्ची को जन्म दे दिया। यह घटना उस वक्त हुई जब महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर बस में ही डिलीवरी करवाई। बाद में जच्चा और बच्ची दोनों को जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

हरिद्वार से पटियाला जा रही थी बस

घटना पंजाब रोडवेज की पीबी 11 सीएजेड 2767 नंबर की बस में हुई, जो हरिद्वार से पटियाला जा रही थी। इसी बस में राजपुरा निवासी रोशनी देवी छावनी बस अड्डे से सवार हुई थीं। कालका चौक के पास आते ही उन्हें तेज प्रसव पीड़ा हुई, जिसके बाद बस ड्राइवर ने तुरंत बस को एक निजी अस्पताल के पास रोका।

ड्राइवर और स्वास्थ्य टीम की सूझबूझ से बची जान

संजोग से उसी वक्त जिला नागरिक अस्पताल की एंबुलेंस में तैनात ड्राइवर राकेश वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने तुरंत अस्पताल को सूचना दी। करीब 10 मिनट में एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची। तब तक महिला की डिलीवरी शुरू हो चुकी थी। पुरुष यात्रियों को नीचे उतारा गया और महिलाओं ने घेरा बनाकर गोपनीयता सुनिश्चित की। अस्पताल की टीम ने बस में ही सुरक्षित डिलीवरी करवाई।

डिलीवरी के बाद दोपहर करीब ढाई बजे मां और नवजात को जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों को भर्ती कर लिया गया है। डॉक्टरों ने बताया कि जच्चा और बच्ची दोनों स्वस्थ हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here