रानियां | हरियाणा के रानियां क्षेत्र के गांव ओटू में नशे की ओवरडोज ने दो परिवारों की खुशियों को छीन लिया। बुधवार को सुखचैन (20) और विक्की (19) नामक दो युवकों की मौत से पूरा गांव सदमे में है।
जानकारी के अनुसार दोनों युवक शिक्षित, कुंवारे और बाजीगर समुदाय से संबंधित थे। पिछले दो वर्षों में इस गांव में नशे की लत के चलते करीब 30 युवा अपनी जान गंवा चुके हैं। एक महीने पहले भी यहां दो युवकों की मौत हुई थी। ग्रामीण अब पुलिस और प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल उठा रहे हैं।
सुखचैन का शव बुधवार सुबह 6 बजे रानियां ट्रक यूनियन के पास मिला। वह मंगलवार शाम से लापता था और परिजनों ने उसे कई जगह ढूंढा। वहीं, उसी दिन शाम 7 बजे विक्की का शव अभोली बस अड्डे के पास अचेत अवस्था में मिला। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रानियां थाना के एडिशनल एसएचओ गुरमिंदर सिंह ने कहा कि अभी तक कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है। यदि शिकायत आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। गुरुवार को ग्रामीण इस मुद्दे पर मीटिंग करेंगे और नशे के खिलाफ ठोस कदमों पर चर्चा करेंगे।







