कैथल | कैथल के शीतलपुरी डेरे के तालाब के पास युवक दीपक की संदिग्ध हालत में मौत के मामले में पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान चिंकी (सिरटा रोड), नितिन (सनसिटी) और दीपक (चमेला कॉलोनी, नरवाना) के रूप में हुई है।
थाना सिटी प्रभारी गीता के अनुसार, 8 जुलाई की सुबह बालू निवासी महेंद्र पाल को सूचना मिली कि उनका 30 वर्षीय बेटा दीपक मृत अवस्था में तालाब के पास पड़ा है। शुरू में परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया था, लेकिन बाद में दीपक के मोबाइल से मिली रिकॉर्डिंग्स और कॉल डिटेल्स से मामला संदिग्ध लगने पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
शिकायतकर्ता ने बताया कि दीपक के एक जानकार जीवनप्रीत ने बताया कि 7 जुलाई को दीपक ने उसे नशा लेने के लिए बुलाया था। दोनों हिंद सिनेमा के पास मिले, जहां एक कार में चिंकी और ड्राइवर मौजूद थे। चिंकी ने दीपक को 1000 रुपए लेकर नशीली पुड़िया दी थी। इसके बाद दीपक अकेला चला गया और अगले दिन उसका शव मिला।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चिंकी और नितिन ने दीपक को गाड़ी में नशा देकर छोड़ा था, जबकि नशा नरवाना निवासी दीपक से खरीदा गया था। तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है।







