यमुनानगर (अंकुर कपूर): हरियाणा के यमुनानगर में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। आए दिन वह मारपीट या चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। लेकिन इस बार तो अपराधियों ने हद ही पार कर दी। यमुनानगर के थाना बुढ़िया क्षेत्र के एक स्कूल के बाहर जैसे ही 10वीं कक्षा का छात्र आया, उस पर युवकों ने कार चढ़ाने की कोशिश की। जैसे ही युवक नीचे गिरा, उसके बाद युवकों ने लोहे की रॉड, डंडों से उस पर हमला किया। आसपास के लोग तमाशा देखते रहे। यह सारी तस्वीरें वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

घटना के 2 दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी ना होने पर परिजनों एवं ग्रामीणों ने बुधवार को बुढ़िया थाने का घेराव किया। थाने के बाहर सड़क पर जाम लगा दिया। भारी संख्या में परिजनों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। एक घंटे बाद डीएसपी राजीव मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। मीडिया से बातचीत करते हुए डीएसपी राजीव ने कहा कि पुलिस ने 26 दिसंबर को ही घटना वाले दिन मामला दर्ज कर लिया था। इस मामले में सीसीटीवी भी कब्जे में ली गई है।

उन्होंने कहा कि परिजनों को आश्वासन दिया गया है कि इस मामले में जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि थाना बुढ़िया के अलावा सीआईए की टीम एवं एक अन्य टीम भी आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। डीएसपी ने बताया कि अभी मारपीट में घायल हुए छात्र के बयान नहीं हुए हैं। इसके अलावा एक्स-रे और मेडिकल रिपोर्ट भी नहीं आई है। मुकदमे मे दर्ज धाराओं के अलावा अगर जरूरत पड़ी तो बाकी और धाराएं भी उसमें शामिल की जाएंगी और आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।







