Home Business/Education हरियाणा बोर्ड जल्द करेगा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित, तैयारियां...

हरियाणा बोर्ड जल्द करेगा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित, तैयारियां अंतिम चरण में

318
0

चंडीगढ़ | हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड जल्द ही कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम जारी करने वाला है। बोर्ड द्वारा उत्तरपुस्तिकाओं की जांच का कार्य तेजी से जारी है। संभावना जताई जा रही है कि 10वीं कक्षा का परिणाम 12 मई और 12वीं का परिणाम 15 मई तक घोषित कर दिया जाएगा। बोर्ड के अधिकारी परिणाम जारी करने को लेकर अंतिम तैयारियों में जुटे हुए हैं।

राज्य भर के 22 जिलों में मूल्यांकन कार्य सुचारू रूप से चल रहा है। दसवीं कक्षा के लिए 78 और बारहवीं के लिए 48 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 7030 अध्यापक 10वीं और 4812 प्राध्यापक 12वीं की उत्तरपुस्तिकाओं की जांच कर रहे हैं। निर्धारित मानकों के अनुसार, हर परीक्षक प्रतिदिन लगभग 30 उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कर रहा है।

हरियाणा बोर्ड ने 27 फरवरी से 29 मार्च तक दसवीं और बारहवीं की परीक्षाएं आयोजित की थीं। इन परीक्षाओं के लिए प्रदेशभर में कुल 1434 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां करीब 5 लाख 22 हजार 529 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। इसमें दसवीं के 2,93,746 और बारहवीं के 2,23,713 परीक्षार्थी शामिल हैं।

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए कहा कि बोर्ड ने परीक्षाएं खत्म होने के 45 दिनों के भीतर परिणाम घोषित करने का वादा किया था। उसी के अनुरूप 15 मई तक दोनों कक्षाओं के परिणाम जारी कर दिए जाएंगे। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि छात्रों को कॉलेजों में दाखिले के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here