Home Haryana कैथल के गांव फरल में पुलिस का कॉम्बिंग अभियान, हथकढ़ी शराब के...

कैथल के गांव फरल में पुलिस का कॉम्बिंग अभियान, हथकढ़ी शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

19
0

कैथल (बलिंदर कुमार)। नशा मुक्त हरियाणा अभियान के तहत कैथल पुलिस ने नशा तस्करी और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में सोमवार सुबह पूंडरी क्षेत्र के गांव फरल में संदिग्ध नशा तस्करों के ठिकानों पर विशेष कॉम्बिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान में करीब 150 पुलिस कर्मचारियों की 10 टीमें शामिल रहीं। पुलिस ने स्निफर डॉग और कमांडो दस्ते की मदद से गांव में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान एक आरोपी को सवा 25 बोतल हथकढ़ी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।

यह अभियान पुलिस महानिदेशक हरियाणा अजय सिंघल के आदेशों पर और एसपी मनप्रीत सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। डीएसपी हेडक्वार्टर बीर भान की अगुवाई में हुई कार्रवाई में पूंडरी थाना प्रभारी पीएसआई सुनील और एसडीयू इंचार्ज पीएसआई संदीप की टीमें भी शामिल रहीं।

डीएसपी बीर भान ने बताया कि अभियान का उद्देश्य नशा तस्करों और अन्य अपराधियों पर शिकंजा कसना, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के बीच कानून का भय पैदा करना है। उन्होंने कहा कि कैथल पुलिस जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

डीएसपी के अनुसार, कैथल पुलिस ने वर्ष 2026 में अब तक नशा तस्करी से जुड़े करीब 200 मामलों में लगभग 320 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस कार्रवाई के साथ-साथ आम लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें नशा बेचने वाले या किसी अन्य आपराधिक गतिविधि में शामिल व्यक्ति के बारे में जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। डीएसपी बीर भान ने कहा कि नशा तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here