हरियाणा | हरियाणा के मेडिकल छात्रों के लिए खुशखबरी है। प्रदेश को MBBS की 200 नई सीटों की मंजूरी मिल गई है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव की पहल पर यह संभव हो पाया। उन्होंने 19 अगस्त को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिखकर नई सीटों की मांग रखी थी।
अब भिवानी स्थित पंडित नेकीराम शर्मा गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज और महेंद्रगढ़ के महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज, कोरियावास में 100-100 सीटों पर एडमिशन की अनुमति दे दी गई है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने इस मामले में त्वरित संज्ञान लेते हुए हरी झंडी दे दी है।
इस फैसले से हरियाणा के प्रतिभाशाली विद्यार्थी, जो नीट में मेरिट लाकर डॉक्टर बनने का सपना देखते थे, अब अपने ही प्रदेश में दाखिला ले सकेंगे।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार जताते हुए कहा कि यह कदम प्रदेश के मेडिकल सेक्टर को मजबूती देने वाला साबित होगा।







