अंबाला (अंकुर कपूर)। अंबाला छावनी बस अड्डे पर महिला के गले से सोने की चेन झपटने के मामले में लाल कुर्ती पुलिस चौकी ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीनी गई सोने की चेन बरामद कर ली है। वारदात के दौरान इस्तेमाल की गई ई-रिक्शा को भी कब्जे में लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी तक पहुंची।
जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर को मेरठ निवासी रेनू त्यागी अपने परिवार के साथ हिमाचल प्रदेश के बद्दी जाने के लिए अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पहुंची थीं। वहां से वह बस पकड़ने के लिए अंबाला छावनी बस अड्डे पर गईं। आरोप है कि बस में चढ़ते समय एक युवक बार-बार उन्हें धक्का दे रहा था। रेनू ने उसे ऐसा करने से मना भी किया, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। कुछ देर बाद युवक वहां से चला गया। इसके बाद रेनू ने अपने गले में सोने की चेन गायब देखी तो उन्हें चोरी का पता चला।
महिला ने मामले की शिकायत लाल कुर्ती पुलिस चौकी में दर्ज करवाई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने बस अड्डे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में संदिग्ध युवक की पहचान हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी वारदात के बाद ई-रिक्शा में बैठकर वहां से चला गया था। इसके आधार पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
लाल कुर्ती पुलिस चौकी इंचार्ज राजेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी से छीनी गई सोने की चेन बरामद कर ली गई है और उसकी ई-रिक्शा भी जब्त की गई है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल रहा है या नहीं।







